रिपोर्ट : विनीत दुबे
अहमदाबाद, 13 जून 2019 (युवाप्रेस डॉट कॉम)। एक तरफ जहाँ देश में हर साल लगभग 12 हजार किसान कर्ज नहीं चुका पाने से आत्महत्या कर लेते हैं। उसी देश में BIG B जैसे महानायक ने दिखाया कि वह केवल कद में ही बड़े नहीं हैं, बल्कि उनका दिल भी उतना ही बड़ा है। उन्होंने कर्ज में डूबे देश के किसानों की तरफ मदद का हाथ बढ़ाकर अन्य लोगों के लिये एक प्रेरणादायी मिसाल कायम की है। बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन किसानों के लिये ‘मसीहा’ का काम कर रहे हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के बाद अब बिहार के किसानों की मदद की है और बैंक को 2,100 किसानों का कर्ज भरपाई करके इन किसानों को कर्ज से मुक्त कर दिया।
बिहार के 2,100 किसानों को बाँटे कर्ज मुक्ति के पत्र

सदी के महानायक अमिताभ बच्चन 76 वर्ष की उम्र हो जाने के बावजूद फिल्मों, कौन बनेगा करोड़पति जैसे टीवी रियलटी शो और विज्ञापनों में काम करते हैं। इसके अलावा वह उत्तर प्रदेश और गुजरात जैसे राज्यों के ब्राण्ड अम्बेसेडर भी रहे हैं। बिग-बी ने आज अपने ब्लॉग पर जानकारी दी कि उन्होंने वन टाइम सेटलमेंट (OTS) से बिहार के 2,100 किसानों का कर्ज बैंक को भरपाई कर दिया है और इन किसानों को कर्ज से मुक्ति दिलाई है। उन्होंने इनमें से कुछ किसानों को अपने खर्च से मुंबई में अपने निवास स्थान पर बुलाकर अपने बेटे अभिषेक बच्चन और बिटिया श्वेता बच्चन के हाथों से कर्ज मुक्ति के पत्र भी सौंपे हैं। इस दौरान पूरे बच्चन परिवार ने किसानों से मुलाकात की और उन्हें उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएँ भी दी। ब्लॉग पर बच्चन ने कहा कि उन्होंने किसानों के लिये जो वादा किया था, वह पूरा कर दिया है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले बिग-बी ने ब्लॉग पर लिखा था कि जो लोग लोन की रकम अदा नहीं कर पा रहे हैं, उनके लिये गिफ्ट है। इस बार यह लोग बिहार से होंगे।
उत्तर प्रदेश के भी 1,398 किसानों का कर्ज चुकाया

ऐसा पहली बार नहीं हुआ है कि अमिताभ बच्चन किसानों की मदद के लिये आगे आये हों। उन्होंने बिहार के 2100 किसानों का कर्ज चुकाने से पहले पिछले वर्ष उत्तर प्रदेश के भी 1,398 किसानों का लगभग 5.5 करोड़ रुपये का कर्ज चुकाकर उन्हें कर्ज से मुक्त करवा चुके हैं। उस समय भी बिग-बी ने इनमें से लगभग 70 किसानों को अपने खर्चे से मुंबई बुलाया था और उनके लिये ट्रेन का एक पूरा डिब्बा बुक करवाया था। उस समय अमिताभ बच्चन ने अपने हाथों से ही सभी किसानों को कर्ज मुक्ति के पत्र सौंपे थे।
उत्तर प्रदेश के किसानों का कर्ज माफ करने से पहले अमिताभ बच्चन महाराष्ट्र के किसानों का भी कर्ज भरपाई कर चुके हैं। उन्होंने महाराष्ट्र के 350 किसानों का कर्ज चुकाया था। दरअसल अमिताभ बच्चन के टीवी रियलटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में महाराष्ट्र के एक किसान ने कंटेस्टेंट के रूप में भाग लिया था। उसकी जीवन कथा सुनकर बिग-बी द्रवित हो गये थे और उसी समय बिग-बी ने देश वासियों से हाथ जोड़कर किसानों की मदद के लिये आगे आने की अपील भी की थी। इसके बाद उन्होंने खुद इस दिशा में पहल की और अब तक महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश तथा बिहार के कुल 3,848 किसानों का कर्ज भरपाई कर चुके हैं।
अब पुलवामा हमले के शहीदों के परिवारों की करेंगे मदद

अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में एक और महत्वपूर्ण घोषणा की है। उन्होंने कहा कि उन्हें एक और वादा अभी पूरा करना है। पुलवामा अटैक में जिन बहादुर सिपाहियों ने देश के लिये अपनी जान गँवाई है, उनके परिवारों की भी उन्हें आर्थिक रूप से मदद करनी है। उन्होंने अंत में लिखा ‘सच्चे शहीद।’
उल्लेखनीय है कि अमिताभ बच्चन ने पुलवामा हमले के बाद 16 फरवरी को ब्लॉग पर शहीदों के परिवारों को 2 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की थी। उन्होंने प्रत्येक परिवार को 5-5 लाख रुपये की मदद देने की बात कही थी।
इससे पहले अगस्त-2018 में बिग-बी ने 44 शहीद जवानों की सरकार से लिस्ट मँगाई थी और उनकी पत्नियों तथा परिवारों के लिये 1.50 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद दी थी। उल्लेखनीय है कि सरकारी नियमानुसार आर्थिक मदद का 60 प्रतिशत हिस्सा शहीद की पत्नी और बच्चों को तथा बाकी 20-20 प्रतिशत हिस्सा माता-पिता को दिया जाता है। अविवाहित होने की स्थिति में माता-पिता की पूरी रकम दी जाती है।
बिग-बी की ओर से शहीदों के परिवारों तथा कर्ज में डूबे किसानों की मदद करने के लिये देशभर में सराहना की जाती है।
अमिताभ बच्चन इसके अलावा भी विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाली एनजीओ तथा लोगों की भी समय-समय पर मदद करते रहते हैं। इससे पहले उन्होंने वेश्यावृत्ति के धंधे में जबरन धकेली जाने वाली लड़कियों के बचाव में काम करने वाले अजीत सिंह और मानसिक रोगियों के उत्थान के लिये काम करने वाली सरबानी दास रॉय की भी मदद करने की बात कही थी।