अहमदाबाद, 23 मई, 2019। लोकसभा चुनाव 2019 में पड़े वोटों की आज गिनती हो रही है और जनादेश 2019 सबके सामने आ रहे हैं। ख़बर लिखे जाने तक प्राप्त रुझानों के अनुसार सत्तारूढ़ भारती जनता पार्टी (भाजपा-BJP) ने अकेले दम पर 300 से अधिक सीटों पर बढ़त बना कर बहुमत हासिल कर लिया है, जबकि भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग-NDA) ने 340 का आँकड़ा पार कर लिया है। लोकसभा चुनाव 2019 में मोदी लहर नहीं, अपितु सुनामी देखने को मिल रही है, जिसके चलते भाजपा ने 2014 के 282 सीटों के रिकॉर्ड को, तो एनडीए ने 336 का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
लोकसभा चुनाव 2014 में भाजपा ने 282 सीटें हासिल की थीं, जबकि एनडीए के साथ मिल कर उसे 336 सीटें मिली थीं। लोकसभा चुनाव 2019 में भी देश की जनता ने नरेन्द्र मोदी को पुनः प्रधानमंत्री बनाने पर मुहर लगा दी है। सुबह 9.50 बजे तक प्राप्त रुझानों में भाजपा 288 से अधिक सीटों पर आगे चल रही है, जो बहुमत के लिए आवश्यक 300 सीटों से 28 सीटें अधिक है। दूसरी तरफ कांग्रेस नीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग-UPA) बड़ी सफलता हासिल न करते हुए 90 सीटों पर बढ़त के साथ 100 सीटों के भीतर सिमटता नज़र आ रहा है।
पूरे तीन महीने चला लोकसभा चुनाव 2019 पूरी तरह नरेन्द्र मोदी पर केन्द्रित हो गया था। भाजपा-एनडीए जहाँ मोदी के नाम पर वोट मांग रहे थे, वहीं विरोधी भी मोदी विरोध के नाम पर वोट मांग रहे थे। ऐसी स्थिति में लोकसभा चुनाव 2019 नरेन्द्र मोदी पर जनमत संग्रह बन गया था और जनमत संग्रह कह रहा है कि लोग नरेन्द्र मोदी को फिर एक बार 5 वर्ष के लिए प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहता है।