देश में लोकसभा चुनाव 2019 पर ज़ोरदार राजनीतिक घमासान मचा हुआ है। राजनीतिक दलों ने वायदों का बाज़ार खोल दिया है। कांग्रेस ने घोषणा पत्र जारी कर दिया है और भाजपा कदाचित अपने 39वें स्थापना दिवस 6 अप्रैल को घोषणा पत्र जारी करेगी।’
यद्यपि यहाँ हम बात चुनाव की नहीं, अपितु राजनीतिक दलों से एक वादे की मांग की कर रहे हैं। देश की संस्कृति पर जिन्हें गर्व है, ऐसे राजनीतिक दलों से ही यह अपेक्षा की जा सकती है कि वे यह वादा करें कि सत्ता में आएँगे, तो मोबाइल फोन पर वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म TIKTOK पर पूर्ण प्रतिबंध लगा देंगे।

यह वादा देश के उन 42 करोड़ 28 लाख 8 हजार 543 लोगों के सुरक्षित भविष्य के लिए करना है, जो 18 वर्ष के कम आयु के हैं। ये लोग वोट नहीं देने वाले हैं। प्रश्न यह उठता है कि चुनावी खेत में वोटों की खेती कर रहे नेताओं में से कोई एक नेता भी यह वादा करने का साहस करेगा ?

बच्चों को यौन शिकारियों के सम्पर्क में ला रही है TIKTOK : मद्रास हाई कोर्ट
TIKTOK से मद्रास हाई कोर्ट भी क्रुद्ध है। हाई कोर्ट ने केन्द्र सरकार को निर्देश दिए हैं कि वह देश में TIKTOK एप के डाउनलोड पर प्रतिबंध लगाए। हाई कोर्ट ने एक जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए कहा, ‘TIKTOK एप अश्लील कंटेंट का प्रसार कर रही है, जिसे देखते हुए उस पर प्रतिबंध लगाना चाहिए। जो बच्चे इस एप का उपयोग कर रहे हैं, वे यौन शिकारियों के सम्पर्क में आ रहे हैं।’
मीडिया को भी दिया आदेश
मद्रास हाई कोर्ट ने केन्द्र सरकार से पूछा, ‘ऐसे एप अश्लील कंटेंट का प्रसार कर रहे हैं, तो क्या सरकार ऐसा कोई कानून लाएगी, जैसा कि अमेरिका की सरकार बच्चों को साइबर क्राइम का शिकार बनाने से बचाने के लिए चिल्ड्रन्स ऑनलाइन प्राइवैसी प्रोटेक्शन के तहत लाई है ?’ हाई कोर्ट ने मीडिया को भी आदेश दिया कि वह एस एप पर बने वीडियोज़़ का प्रसारण न करे।
याचिकाकर्ता ने लगाए गंभीर आरोप
TIKTOK के विरुद्ध मदुरै के वरिष्ठ वकील और समाजसेवी मुथु कुमार ने याचिका दायर की है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि TIKTOK एप के कारण बाल उत्पीड़न, आत्महत्या जैसी घटनाएँ बढ़ रही हैं।
भारत में 1.3 बिलियन यूज़र्स
उल्लेखनीय है कि TIKTOK एप के जरिए यूज़र्स कई तरह के छोटे-छोटे वीडियो बना सकते हैं। इन वीडियो में वे कई तरह के इफेक्ट्स यूज़ कर सकते हैं। भारत में यह एप तेजी से फैल रहा है और हाल में भारत में लगभग 1.3 बिलियन लोग TIKTOK का उपयोग कर रहे हैं।